
तकनीकी युग में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से देश के यशस्वी प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा “नए भारत की नई उड़ान” के विज़न के तहत आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की शुरुआत की गई।
इसी क्रम में आज आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन उत्तराखंड द्वारा आयोजित ABDM-उत्तराखंड कार्यशाला में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री Subodh Uniyal सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने “स्वस्थ उत्तराखंड – स्वस्थ भारत” के लक्ष्य को साकार करने में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की अहम भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को न केवल अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाया जा रहा है, बल्कि इससे आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित उपचार की सुविधा भी मिल रही है।
Subodh Uniyal ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस मिशन से जुड़ें और अपनी ABHA ID बनाकर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। ABHA ID के माध्यम से व्यक्ति अपनी स्वास्थ्य जानकारी को सुरक्षित रूप से संग्रहीत कर सकता है, ऑनलाइन डॉक्टर से परामर्श ले सकता है तथा देशभर के अस्पतालों और चिकित्सकों से कभी भी, कहीं भी जुड़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल विशेष रूप से उत्तराखंड के पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो रही है, जहाँ भौगोलिक कठिनाइयों के कारण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सीमित रहती थी। अब डिजिटल माध्यम से यह दूरी तेजी से कम हो रही है।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एक सशक्त, समावेशी और आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में क्रांतिकारी कदम है, जो “विकसित भारत” के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है।



