उत्तराखंड के 9 वर्षीय पेंचक सिलट खिलाड़ी शुभांग रावत ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित 14वीं राष्ट्रीय पेंचक सिलट चैंपियनशिप में 22–24 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया।
इससे पहले शुभांग ने 2024 में श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) और 2025 में कोप्पल (कर्नाटक) में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीते थे। वहीं, मई 2026 में देहरादून में हुई राज्य चैंपियनशिप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल हासिल किया था।
हरबर्टपुर स्थित एमए स्पोर्ट्स अकादमी में कोच सारिका पटेल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे शुभांग अपनी मेहनत, अनुशासन और बेहतरीन खेल कौशल के दम पर उत्तराखंड के उभरते युवा खिलाड़ियों में अपनी मजबूत पहचान बना चुके हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर अकादमी, विद्यालय और खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



