167वें आयकर दिवस पर मिला सम्मान, एमडी अजय कुमार सिंह बोले- पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन और बेहतर प्रदर्शन का मिला प्रतिफल

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र के प्रमुख ऊर्जा उपक्रम यूजेवीएन लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य के सभी सार्वजनिक उपक्रमों में सर्वाधिक कॉर्पोरेट आयकर जमा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि के लिए 167वें आयकर दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में निगम को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
समारोह में यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से उपमहाप्रबंधक अनुपम गुप्ता, विनोद नैनवाल तथा वरिष्ठ लेखा अधिकारी मीनाक्षी सिंह ने प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त अपर्णा करन और प्रधान आयकर आयुक्त सुनीता सिंह से सम्मान ग्रहण किया।
यूजेवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान 124 करोड़ रुपये का कॉर्पोरेट आयकर जमा किया, जो उत्तराखंड सरकार के किसी भी सार्वजनिक उपक्रम द्वारा अदा किया गया सर्वाधिक कॉर्पोरेट आयकर है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि निगम की मजबूत वित्तीय स्थिति, पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन, बेहतर कॉर्पोरेट गवर्नेंस और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि यूजेवीएन लिमिटेड लगातार लाभ अर्जित करते हुए अपने कारोबार और वित्तीय प्रदर्शन में वर्ष-दर-वर्ष वृद्धि दर्ज कर रहा है। आने वाले वर्षों में नई जलविद्युत एवं अन्य ऊर्जा परियोजनाओं के शुरू होने से निगम की स्थापित क्षमता, बिजली उत्पादन, राजस्व और लाभप्रदता में और बढ़ोतरी होगी, जिससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक विकास को नई मजबूती मिलेगी।
अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य के सबसे बड़े कॉर्पोरेट आयकरदाता के रूप में मिला यह सम्मान निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यूजेवीएन लिमिटेड भविष्य में भी पारदर्शिता, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के साथ नई उपलब्धियां हासिल करते हुए उत्तराखंड के सतत विकास और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
#UJVNL #AjayKumarSingh #IncomeTaxDay #CorporateTax #Uttarakhand #EnergySector #Dehradun #Hydropower #ViksitBharat2047 #HindiNews


