चमोली। नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। तेज बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आ गया, जिसके तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर बना वैली ब्रिज बह गया। पुल के बहने से नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
जानकारी के अनुसार, 123 बीआरटीएफ सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज अत्यधिक जलप्रवाह की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हुआ और बह गया। इस घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके के लिए रवाना कर दिया। सुरक्षा को देखते हुए मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
वहीं, तमक नाले में बढ़े जलप्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है। प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
#Chamoli #NitiValley #TamkNala #Joshimath #Malari #UttarakhandNews #HeavyRain #NDRF #SDRF #BreakingNews #ChamoliNews



