/देहरादून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा ने नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। इस वर्ष अब तक 56,18,497 से अधिक श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया गया है।
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु लगातार पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के प्रति बढ़ते रुझान और आस्था का संकेत माना जा रहा है।
राज्य सरकार के अनुसार, चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ सहित संबंधित विभागों के बीच समन्वय से यात्रा संचालन पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उत्तराखंड आने वाला हर श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि उसकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद रहे। उन्होंने यात्रा के सफल संचालन में जुटे सभी विभागों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और कार्मिकों के योगदान की सराहना की।
#ChardhamYatra #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #ReligiousTourism #Kedarnath





