प्रधानमंत्री मोदी के हाथों लॉन्चिंग से मिली राष्ट्रीय पहचान, 83 उत्पादों के साथ देश-विदेश के बाजार में पहुंचा ब्रांड
देहरादून। उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने की राज्य सरकार की पहल अब मजबूत कारोबारी मॉडल के रूप में सामने आ रही है। राज्य का अंब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अपनी शुरुआत के बाद से अब तक करीब 6 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुका है।
हाउस ऑफ हिमालयाज को राष्ट्रीय पहचान दिसंबर 2023 में मिली, जब देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ब्रांड का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने इसे ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की अवधारणा को आगे बढ़ाने वाली पहल बताया था।
ब्रांड के तहत उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को बेहतर गुणवत्ता, आधुनिक पैकेजिंग और एकीकृत ब्रांडिंग के साथ बाजार में उतारा जा रहा है। वर्तमान में 60 विशिष्ट उत्पादों समेत कुल 83 उत्पाद हाउस ऑफ हिमालयाज के तहत शामिल हैं। इनमें पहाड़ी दालें, अनाज, मिलेट्स, चावल, मसाले, शहद, तेल-घी, हर्बल एवं पर्सनल केयर उत्पाद, बेकरी और हस्तशिल्प आदि शामिल हैं।
5,500 महिला लाभार्थी सीधे जुड़ीं
हाउस ऑफ हिमालयाज की सबसे बड़ी विशेषता इसका महिला-केंद्रित आजीविका मॉडल है। ब्रांड से 55 क्लस्टर लेवल फेडरेशन की करीब 5,500 प्रत्यक्ष महिला लाभार्थी जुड़ी हैं। इससे पहाड़ों में तैयार होने वाले स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलने के साथ ही ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय उत्पादकों को आय का अवसर भी मिल रहा है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध
हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद अब केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित नहीं हैं। उपभोक्ता इन्हें Amazon और Flipkart जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से खरीद सकते हैं। वहीं Blinkit, Swiggy Instamart और BigBasket जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी ब्रांड के उत्पाद उपलब्ध हैं। इसके अलावा ब्रांड की अपनी D2C वेबसाइट के जरिए देशभर में सीधे खरीदारी की सुविधा दी जा रही है।
हाउस ऑफ हिमालयाज के उत्पाद Amazon Global के माध्यम से अमेरिका और कनाडा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पहुंच रहे हैं। इससे उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान मिलने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की महत्वपूर्ण पहल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल से ग्लोबल’ के विजन के अनुरूप इसके माध्यम से प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि गांवों में तैयार होने वाले उत्पादों को व्यापक बाजार मिले और इसका सीधा लाभ महिला स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादकों की आर्थिकी को मिले।
#HouseOfHimalayas #Uttarakhand #PushkarSinghDhami #VocalForLocal #WomenEntrepreneurs





