देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने समस्त संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा की भावना ‘सरबत दा भला’ सभी के सुख और कल्याण की कामना करने का संदेश देती है।
सीएम धामी ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को हमेशा आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर खुलने से श्रद्धालुओं को दर्शन की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धापूर्वक संजोई गई हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड स्थित श्री हेमकुंट साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी और विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं तथा दिव्यांग श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित रही।
Tags: #GuruNanakJayanti #GuruNanakDevJi #CMPushkarSinghDhami #Dehradun #HemkundSahib #Uttarakhand #Gurpurab #SikhCommunity




