देहरादून। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 के दौरान प्रसार भारती ने अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की। पणजी की कला अकादमी में आयोजित समारोह में अविशेष झा की स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें पांच लाख रुपये की नकद राशि दी गई।
वहीं, सत्य व्यास ने अपनी स्क्रिप्ट ‘संहार’ के लिए दूसरा स्थान हासिल करते हुए तीन लाख रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि जितेश ठाकुर की स्क्रिप्ट ‘शरद पूर्णिमा’ को तीसरा स्थान मिला। उन्हें दो लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर आधारित इस पहल का उद्देश्य देशभर के उभरते लेखकों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री और लघु फिल्मों की श्रेणियों में दस भारतीय भाषाओं में मौलिक कहानियों को प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। पहल को व्यापक प्रतिक्रिया मिली और घोषणा के महज दस दिनों के भीतर करीब एक हजार स्क्रिप्ट प्राप्त हुईं।
पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे। पृथुल कुमार ने कहा कि युवा भारत की रचनात्मक क्षमता को पहचानना और उनकी कहानियों को मंच देना जरूरी है। उन्होंने पटकथा लेखन को फिल्म निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक प्रभावशाली पटकथा और मजबूत कहानी सफल फिल्म निर्माण का आधार होती है।




