
बैकुंठ चतुर्दशी मेले का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट बनाने की घोषणा
श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण और श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा की। साथ ही पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। राज्य सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना, 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी निर्माण और पेयजल, स्वास्थ्य एवं सड़क सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए हेली सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, पंचप्रयाग के पांचों संगम स्थलों और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट विकसित किए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Tags: #PushkarSinghDhami #BaikunthChaturdashiMela #SrinagarGarhwal #UttarakhandNews #ScienceCity




