लक्ष्य 2027 के संकल्प के साथ बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुआ मंथन

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित भाजपा उत्तराखंड की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार के विकास कार्यों और संगठन की मजबूती की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा का ‘कमल’ आज ‘कमाल’ कर रहा है। सरकार की विकासपरक नीतियां, जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता और संगठन की मजबूती प्रदेश में सकारात्मक बदलाव का आधार बन रही हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश के 20 से अधिक राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकारों को मिल रहा जनसमर्थन कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन की ताकत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारत की तेज आर्थिक प्रगति और जनकल्याणकारी योजनाएं विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और उज्ज्वला योजना जैसी पहलों ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का संरक्षण, कनेक्टिविटी का विस्तार और महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। चारधाम यात्रा से लेकर आधुनिक सड़क, रेल और रोपवे परियोजनाओं तक प्रदेश में विकास के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने वीरभूमि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और सैनिक परिवारों के सम्मान को भी महत्वपूर्ण बताया।
राजनाथ सिंह ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान, जनता से निरंतर संवाद और जनसेवा के प्रति समर्पण भाजपा की कार्यसंस्कृति के मूल आधार हैं। उन्होंने युवाओं की भागीदारी बढ़ाने, तथ्यों पर आधारित संवाद करने, राजनीतिक नैतिकता और अनुशासन बनाए रखने तथा संगठन की एकजुटता को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए नौ मूलमंत्रों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
2027 के चुनाव की तैयारियों पर मंथन
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने बैठक को संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। इससे संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिली है। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश प्रभारी राम माधव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक का समापन ‘सशक्त संगठन, सशक्त उत्तराखंड : लक्ष्य 2027’ के संकल्प के साथ हुआ। पार्टी नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के कार्यों को और प्रभावी बनाने का संदेश दिया।
Tags: BJP Uttarakhand, Rajnath Singh, Pradeep Batra, Uttarakhand Politics, Assembly Elections 2027, Haridwar, Pushkar Singh Dhami




