22 नवंबर 2026 | देहरादून, उत्तराखंड
17 साल भारतीय सेना में दी सेवा, 15 वर्षों तक भारतीय फुटबॉल में फीफा रेफरी के रूप में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका; अब अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में नई पारी की शुरुआत
देहरादून। उत्तराखंड की धरती से निकली खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। देहरादून के चर्चिल राणा, जो भारतीय फुटबॉल में फीफा रेफरी के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं, अब ऑस्ट्रेलिया फुटबॉल एसोसिएशन से जुड़ गए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर उनके गुरु, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल कोच एवं रेफरी डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
चर्चिल राणा की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उत्तराखंड और भारतीय फुटबॉल के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन, संघर्ष, समर्पण और कठिन परिश्रम की अनूठी मिसाल पेश की है। चर्चिल राणा ने भारतीय सेना में 17 वर्षों तक सेवाएं देकर देश की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने फुटबॉल रेफरी के क्षेत्र में अपने करियर को आगे बढ़ाया।
उनके गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत के मार्गदर्शन एवं रेफरी प्रशिक्षण से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई और आगे चलकर फीफा रेफरी बने। लगभग 15 वर्षों तक उन्होंने भारतीय फुटबॉल को अपनी रेफरी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान इंटरनेशनल सुब्रतो कप, इंडियन सुपर लीग (ISL), सैफ चैंपियनशिप, संतोष ट्रॉफी सहित अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी उत्कृष्ट रेफरी क्षमता का परिचय दिया।
उनकी उपलब्धियों और उत्तराखंड फुटबॉल में योगदान को देखते हुए वर्ष 2019 में उनके गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने उन्हें बेस्ट उत्तराखंड फुटबॉल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया था।
गुरु के मार्गदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा शिष्य
डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि चर्चिल राणा ने लगभग एक महीने की कड़ी मेहनत और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया फुटबॉल एसोसिएशन में अपना पंजीकरण कराया है। चर्चिल ने स्वयं फोन पर अपने गुरु को यह खुशखबरी दी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
डॉ. रावत ने कहा कि आने वाले समय में चर्चिल ऑस्ट्रेलिया में अपनी रेफरी प्रतिभा के दम पर बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में अवसर प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। उनका सपना फीफा वर्ल्ड कप, इंग्लिश प्रीमियर लीग और अन्य प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं देना है।
57 वर्ष की उम्र में भी गुरु डॉ. रावत की फिटनेस युवाओं के लिए मिसाल
डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वह पिछले 28 वर्षों से उत्तराखंड और भारत के विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंटों में रेफरी और तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 57 वर्ष की उम्र में भी उनकी फिटनेस, अनुभव, अनुशासन और मैदान पर सक्रियता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
उनकी फिटनेस और कार्यक्षमता देखकर आज भी लोग आश्चर्यचकित रह जाते हैं और कहते हैं कि रावत जी में आज भी 16 वर्ष के युवा जैसा जोश और जुनून है।
गुरु के आशीर्वाद से ही शिष्य की सफलता संभव – चर्चिल राणा
चर्चिल राणा ने अपने गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए वर्षों की मेहनत, तपस्या, अनुशासन और सही मार्गदर्शन बहुत जरूरी है। जिसके सिर पर गुरु का आशीर्वाद होता है, वह एक दिन अपने लक्ष्य तक अवश्य पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि मैं जीवनभर अपने गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत का आभारी रहूंगा। उन्होंने मुझे रेफरी के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया, प्रशिक्षण दिया और हमेशा प्रोत्साहित किया। मेरा प्रयास रहेगा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाओं से अपने गुरु, उत्तराखंड और भारत देश का नाम रोशन करूं।
यह उपलब्धि साबित करती है कि सच्चे गुरु का मार्गदर्शन, शिष्य की मेहनत और वर्षों का अनुशासन मिलकर सफलता की नई इबारत लिखते हैं। एक गुरु की सबसे बड़ी उपलब्धि तब होती है, जब उसका शिष्य उससे आगे बढ़कर विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन करे।
गुरु डॉ. विरेंद्र सिंह रावत की ओर से अपने शिष्य चर्चिल राणा को उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं।




