विभिन्न विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र, लघु उद्यमियों और स्थानीय कलाकारों को मिला मंच; समापन पर दुकानदारों ने की भारी छूट की घोषणा
देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में 13 से 22 नवंबर तक आयोजित स्वदेशी महोत्सव में सरकारी विभागों के स्टॉलों से लेकर स्थानीय उत्पादों और लघु उद्यमों की प्रदर्शनी तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। महोत्सव में बड़ी संख्या में पहुंच रहे नागरिकों के साथ विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी सरकारी योजनाओं, विभागीय कार्यों और स्वदेशी उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
महोत्सव में यूपीसीएल, पिटकुल, ग्राम्य विकास विभाग, उद्योग विभाग, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए), उरेडा, यूजेवीएनएल, डेयरी विकास विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग और भारतीय मानक ब्यूरो सहित विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, तकनीकी नवाचारों और उत्पादों की गुणवत्ता से जुड़े मानकों की जानकारी दी जा रही है। खास तौर पर युवाओं और विद्यार्थियों को इन विभागों की कार्यप्रणाली तथा योजनाओं के बारे में जानने का अवसर मिल रहा है।
विभागीय स्टॉलों के साथ ही महोत्सव में स्थानीय उत्पादों और लघु उद्यमियों की ओर से तैयार सामग्री भी लोगों को आकर्षित कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों के स्वदेशी उत्पादों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और स्थानीय सामग्री की प्रदर्शनी के माध्यम से छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का मंच मिल रहा है। इससे स्थानीय उद्यमिता और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने का प्रयास किया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्मॉल बेल्स डांस एकेडमी और वाइब्रेंट फिट डांस एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। महोत्सव के माध्यम से उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिल रहा है।
महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में रमिंद्री मंद्रवाल, भारतीय मानक ब्यूरो से सरिता त्रिपाठी, वरिष्ठ उद्योगपति अशोक विंडलास, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, डॉ. सुनील अग्रवाल, उमेश कनौजिया, सतेन्द्र पुनेठा, साधना शर्मा, संध्या जोशी, डॉ. शिल्पा, डॉ. आधार वर्मा, कमलदीप महरा और सुमन चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सहयोगी उपस्थित रहे।
स्मृति विकास संस्थान के अध्यक्ष सुरेंद्र ने बताया कि स्वदेशी महोत्सव का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचाना, स्थानीय उत्पादों एवं लघु उद्यमों को प्रोत्साहित करना और कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को महोत्सव का समापन होगा। अंतिम दिन को देखते हुए दुकानदारों की ओर से उत्पादों पर विशेष छूट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने देहरादूनवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने और विशेष छूट का लाभ उठाने की अपील की।
Tags: Swadeshi Mahotsav, Dehradun News, MDDA, Local Products, Uttarakhand News




