सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने की निर्माण कार्यों की समीक्षा, प्रदेश स्तरीय सैन्य धाम यात्रा की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा
देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सैन्यधाम के निर्माण कार्यों और प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सैन्यधाम के लोकार्पण से पहले सभी शेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मंत्री ने प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सैन्य धाम यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यात्रा और लोकार्पण कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम के आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
गणेश जोशी ने कहा कि सैन्यधाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों और अमर बलिदानियों के अदम्य शौर्य, त्याग एवं सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। इसका निर्माण पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम का शीघ्र लोकार्पण कर इसे प्रदेश की जनता को समर्पित किया जाएगा।
बैठक में निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा, उप निदेशक सैनिक कल्याण विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) निधि बधानी, मेजर हिमांशु रौतेला (सेवानिवृत्त) सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




