24 नवंबर को गुरु रविदास जयंती पर आयोजित होगी समरसता संकल्प यात्रा सभा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे शामिल
रुड़की। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा सभा की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे। सोमवार को कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रदीप बत्रा ने मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, जयपाल चौहान, सौरभ गुप्ता और संजय ठाकुर मौजूद रहे। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सोनू त्यागी, रुड़की के संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित संबंधित अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। सभा में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और कार्यक्रम का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि 24 नवंबर को आयोजित होने वाली इस सभा के माध्यम से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
Tags: #PushkarSinghDhami #PradeepBatra #Dhanori #Roorkee #GuruRavidasJayanti #Uttarakhand




