देश का पहला राज्य बना उत्तराखंड, जहां अलग आपदा प्रबंधन विभाग का गठन; 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर और 434 से अधिक सैटेलाइट फोन से मजबूत हुई निगरानी व्यवस्था
2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 2.69 लाख से अधिक लोगों को किया गया प्रशिक्षित, आपदा में मृत्यु पर सहायता राशि 4 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये
देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक जोखिम आकलन और त्वरित राहत-बचाव तंत्र पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य ने आपदा पूर्व चेतावनी, निगरानी, संचार व्यवस्था और जनभागीदारी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है, जिसने आपदा प्रबंधन के लिए अलग विभाग गठित किया। प्रदेश में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं, जबकि 434 से अधिक सैटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही पिछले छह वर्षों में 2.69 लाख से अधिक लोगों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया है।
28 नवंबर को मनाया जाएगा आपदा प्रबंधन दिवस
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को राज्य में आपदा प्रबंधन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक प्रदेशभर के विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, मॉक ड्रिल और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा के प्रति जागरूक करने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव और राहत कार्यों के लिए तैयार करना है।
अलग विभाग गठित करने वाला देश का पहला राज्य
आपदा प्रबंधन के संस्थागत ढांचे को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य वर्ष 2007 में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन कर चुका था। वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का गठन किया गया। वर्ष 2025 में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) को राज्य, जनपद और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। इसके अलावा वर्ष 2022 में उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया। इससे भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के वैज्ञानिक अध्ययन और जोखिम न्यूनीकरण को बढ़ावा मिला है।
525 सेंसर से मौसम और जलस्तर पर नजर
आपदा की स्थिति में समय रहते चेतावनी जारी करने के लिए प्रदेश में आधुनिक निगरानी प्रणाली विकसित की गई है। राज्य में कुल 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं। इनके माध्यम से मौसम संबंधी गतिविधियों, वर्षा, जलस्तर और आकाशीय बिजली जैसी परिस्थितियों की निगरानी की जा रही है।
प्रदेश में चेतावनी प्रसारित करने के लिए कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल, ईआरएसएस-112, पुलिस एवं वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल और सोशल मीडिया जैसे माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। भूदेव और सचेत ऐप के माध्यम से भी आपदा संबंधी सूचनाएं लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त सेल ब्रॉडकास्ट आधारित चेतावनी प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है। इस तकनीक के माध्यम से बिना किसी ऐप या इंटरनेट के सीधे मोबाइल फोन पर आपदा संबंधी अलर्ट भेजा जा सकता है। प्रदेश में 434 से अधिक सैटेलाइट फोन भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे मोबाइल नेटवर्क बाधित होने की स्थिति में भी आपातकालीन संचार बनाए रखने में मदद मिलेगी।
2.69 लाख से अधिक लोगों को मिला आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण
आपदा प्रबंधन को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और माई भारत स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा गया है।
वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक प्रदेश में कुल 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 2,69,038 लोगों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से 1,19,497 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के जरिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आपदा के शुरुआती समय में स्थानीय स्तर पर त्वरित सहायता और बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।
वसुधारा ताल में स्थापित हुई सेंसर आधारित चेतावनी प्रणाली
आपदा जोखिम का वैज्ञानिक आकलन करने के लिए राज्य में जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ एवं जलभराव की संभावनाओं का अध्ययन और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। ग्लेशियल झीलों से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरों को देखते हुए उनके जोखिम का वैज्ञानिक आकलन और निगरानी तंत्र भी विकसित किया गया है।
चमोली जिले के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है। इससे ग्लेशियल झीलों से जुड़े संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने और संबंधित क्षेत्रों को सतर्क करने की दिशा में मदद मिलेगी।
वर्ष 2025-26 में वनाग्नि, चारधाम यात्रा, बाढ़, भूकंप और मानसून जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गईं। इसके अलावा 2 जुलाई 2026 को राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल भी आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों और आपसी समन्वय का परीक्षण किया गया।
राहत एवं बचाव ढांचे को मिल रही मजबूती
आपदा के दौरान प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच और राहत-बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए यूएसडीआरएफ परियोजना के अंतर्गत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इनमें 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सड़क सुरक्षा संबंधी कार्य, आपदा आश्रयों का निर्माण और राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र का सुदृढ़ीकरण शामिल है।
इसके साथ ही हाइड्रोमेट और पूर्व चेतावनी तंत्र को मजबूत करने, एसडीआरएफ को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण उपलब्ध कराने तथा 18 फायर स्टेशन और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण एवं उपकरण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
आपदा प्रबंधन में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
आपदा प्रभावितों को मिलने वाली सहायता राशि में बड़ी बढ़ोतरी
आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए राज्य सरकार के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के तहत विभिन्न मदों में सहायता राशि के मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
संशोधित मानकों के अनुसार आपदा में मृत्यु होने पर मिलने वाली अनुग्रह सहायता राशि 4 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये प्रति मृतक कर दी गई है। 60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता की स्थिति में सहायता राशि 2.50 लाख से बढ़ाकर 3.20 लाख रुपये प्रति व्यक्ति की गई है।
फसल नुकसान पर भी सहायता बढ़ाई गई है। वर्षा आधारित फसलों के लिए इनपुट सब्सिडी 8,500 से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर और सुनिश्चित सिंचाई वाली फसलों के लिए 17,000 से बढ़ाकर 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है। बारहमासी एवं बागवानी फसलों के लिए सहायता 22,500 से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।
रेशम उत्पादन के लिए सहायता 6,000 से बढ़ाकर 7,800 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा मृग पालन के लिए 7,500 से बढ़ाकर 9,800 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।
पशुधन की क्षति पर बड़े पशुओं के लिए सहायता 37,500 से बढ़ाकर 50,000 रुपये प्रति पशु और छोटे पशुओं के लिए 4,000 से बढ़ाकर 5,100 रुपये प्रति पशु की गई है। सूखाग्रस्त क्षेत्रों में बड़े पशुओं के लिए सहायता 32,000 से बढ़ाकर 41,000 रुपये तथा छोटे पशुओं के लिए 20,000 से बढ़ाकर 25,400 रुपये की गई है। पोल्ट्री के नुकसान पर सहायता 100 से बढ़ाकर 130 रुपये प्रति पक्षी की गई है।
मकान क्षतिग्रस्त होने पर भी बढ़ाई गई सहायता
प्राकृतिक आपदा में मकान क्षतिग्रस्त होने पर मिलने वाली सहायता राशि में भी वृद्धि की गई है। मैदानी क्षेत्रों में पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता 1.20 लाख से बढ़ाकर 1.60 लाख रुपये और पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों में 1.30 लाख से बढ़ाकर 1.70 लाख रुपये की गई है।
आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए सहायता 6,500 से बढ़ाकर 8,500 रुपये तथा कच्चे मकान के लिए 4,000 से बढ़ाकर 5,500 रुपये कर दी गई है।
राज्य सरकार का लक्ष्य आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव कार्यों तक सीमित न रखते हुए पूर्व तैयारी, वैज्ञानिक जोखिम आकलन, आधुनिक चेतावनी प्रणाली, त्वरित प्रतिक्रिया और पुनर्वास की समन्वित व्यवस्था के रूप में विकसित करना है। सरकार का मानना है कि तकनीक, प्रशिक्षित मानव संसाधन और सामुदायिक सहभागिता के जरिए उत्तराखंड को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति अधिक सुरक्षित और सक्षम बनाया जा सकता है।
Tags: #UttarakhandDisasterManagement #PushkarSinghDhami #DisasterPreparedness #SDRF #UttarakhandNews #DisasterManagementDay



