प्रभावित परिवारों को भोजन, आवास और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश, प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात
उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी की तहसील मोरी के पवाणी गांव में हुए अग्निकांड के बाद राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर बुधवार को आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र का हेली सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से राहत और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। उनके साथ आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रुहेला और सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन भी मौजूद रहे।
मंत्री मदन कौशिक ने बताया कि अग्निकांड की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत कार्य शुरू कर दिए थे। प्रभावित क्षेत्र में पुलिस, राजस्व, एसडीआरएफ, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और जिला पूर्ति विभाग की टीमें तैनात हैं। प्रभावित परिवारों को भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राहत कार्यों को सुचारु बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी हेलीपैड तैयार किया है। गांव में सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय के स्टोर रूम को राहत सामग्री के भंडारण और जरूरत पड़ने पर आश्रय स्थल के रूप में इस्तेमाल करने की व्यवस्था की जा रही है।
प्रभावित परिवारों को कंबल, जैकेट, टेंट, बर्तन, गैस चूल्हे, हाइजीन किट, गद्दे, बेडशीट, टॉर्च सहित अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा खाद्यान्न सामग्री में चावल, आटा, दाल, तेल, चीनी, चायपत्ती, नमक और अन्य आवश्यक वस्तुओं की व्यवस्था भी की गई है।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
हेली सर्वेक्षण के दौरान मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। भोजन, पेयजल, सुरक्षित आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों की जरूरतों का लगातार आकलन कर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त राहत सामग्री और संसाधन उपलब्ध कराने को कहा।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। सभी संबंधित विभाग जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं।
#Uttarakhand #Uttarkashi #MadanKaushik #DisasterManagement #ReliefOperations




