स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर चल रही महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पहुंचे पार्षद से की थी कुछ देर प्रतीक्षा की अपील, टिप्पणी करने के आरोप पर हुआ विवाद
देहरादून। नगर निगम में बुधवार को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने को लेकर चल रही महत्वपूर्ण बैठक के दौरान नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय और एक पार्षद के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। बैठक के बीच अपनी बात रखने पहुंचे पार्षद से नगर आयुक्त ने कार्यवाही पूरी होने तक कुछ देर प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया था, ताकि बैठक के बाद उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना जा सके। हालांकि, इसी बात को लेकर मामला गरमा गया और पार्षदों ने नगर आयुक्त पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
घटनाक्रम के दौरान नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने संयम और शालीनता बनाए रखी। नगर निगम प्रशासन के अनुसार, नगर आयुक्त ने पार्षद के लिए अनपढ़ अथवा किसी अन्य अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल नहीं किया था। उन्होंने केवल बैठक की कार्यवाही पूरी होने तक प्रतीक्षा करने का अनुरोध किया था। प्रशासन ने अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के आरोपों को निराधार बताया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में सभी जनप्रतिनिधियों का पूरा सम्मान है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को गंभीरता से सुना जाता है। हालांकि, प्रशासनिक कार्यों के संचालन में निर्धारित प्रक्रिया और अनुशासन का पालन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं किया जाएगा और सभी कार्य नियमों, आपसी संवाद तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुरूप ही संचालित होंगे।
मामले के बढ़ने पर महापौर सौरभ थपलियाल ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने नगर आयुक्त और पार्षदों से बातचीत कर दोनों पक्षों का पक्ष सुना। महापौर ने आपसी संवाद, समन्वय और सम्मान के साथ विवाद का समाधान निकालने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर की महत्वपूर्ण संस्था है, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल होना बेहद जरूरी है। शहर का विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
महापौर की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न मतभेदों का सौहार्दपूर्ण समाधान हो गया और विवाद समाप्त हो गया। साथ ही नगर निगम के कार्यों को आपसी सहयोग, सम्मान और समन्वय के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना, विकास कार्यों को गति देना और आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच सकारात्मक संवाद तथा प्रशासनिक मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
#Dehradun #NagarNigam #AlokPandey #SaurabhThapliyal #UttarakhandNews




