देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में बन्नू बिरादरी द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सत्य, धर्म और मर्यादा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को पहचानकर उन्हें दूर करने का अवसर भी है। अहंकार, क्रोध और लोभ जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों का त्याग कर समाज में सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि रावण के पास अपार शक्ति और संपत्ति होने के बावजूद अहंकार तथा मर्यादा का उल्लंघन उसके पतन का कारण बना। भगवान श्रीराम ने अपने जीवन से त्याग, संयम और कर्तव्यपालन की सीख दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय, सुशासन, समानता और जनकल्याण ही रामराज्य की मूल भावना है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूलने के लिए दंगारोधी कानून लागू किया गया है। वहीं, समान नागरिक संहिता को समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
युवाओं के भविष्य पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और नकल जैसी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, आध्यात्मिक परंपराओं और प्राकृतिक विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और ऐसे उत्तराखंड के निर्माण में सहयोग करने की अपील की, जहां प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिले, युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हों, महिलाएं सुरक्षित रहें और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, बन्नू बिरादरी के पदाधिकारी एवं सदस्य, आयोजन समिति के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
#Vijayadashami #Dussehra #PushkarSinghDhami #Dehradun #UttarakhandNews




