सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति के विरोध में जुटेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, शिमला बाईपास चौक से शुरू होगी रैली
देहरादून, 15 अक्टूबर। अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उत्तराखंड में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इस मामले में आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस 16 अक्टूबर को देहरादून में बाइक और स्कूटर रैली निकालेगी।
कांग्रेस की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। रैली शुक्रवार सुबह 11 बजे शिमला बाईपास चौक, आईएसबीटी के निकट से शुरू होगी।
रैली शिमला बाईपास चौक से जीएमएस रोड होते हुए बल्लूपुर चौक और घंटाघर तक पहुंचेगी। इसके बाद घंटाघर स्थित इंद्रमणि बडोनी की प्रतिमा के निकट विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस ने इस कार्यक्रम के जरिए अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने की घोषणा की है। रैली के आयोजन से संबंधित सूचना में पार्टी कार्यकर्ताओं से शामिल होने की अपील की गई है।





