एसजीआरआर विश्वविद्यालय के ‘नवरंग डांडिया 4.0’ में प्रीतम भरतवाण के जागरों और डीजे सोनल की धुनों पर देर रात तक झूमे युवा
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में आयोजित ‘नवरंग डांडिया 4.0’ में भारतीय संस्कृति, नवरात्रि की आस्था और उत्तराखंड की लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल संदेश के माध्यम से आयोजन के लिए विश्वविद्यालय को बधाई देते हुए कहा कि डांडिया और गरबा जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी विरासत को जीवंत रखने के साथ समाज में एकता, उत्साह और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने की इच्छा जताते हुए कहा कि शासकीय कार्यों में व्यस्तता के कारण वह उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रीतम भरतवाण के जागरों ने बांधा समां
गुरुवार शाम पथरी बाग स्थित श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के हैलीपैड मैदान में कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा-अर्चना, आरती और शंखनाद के साथ हुआ। मुख्य अतिथि धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विपिन चंद्र घिल्डियाल और कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
विधायक विनोद चमोली ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने के साथ समृद्ध विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय को आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण और उनकी टीम की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं। उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, देवी जागरों और गढ़वाली लोकगीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘नारैणी मेरी दुर्गा भवानी’ और ‘भगवती राज राजेश्वरी जागर’ जैसी प्रस्तुतियों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
वहीं, ‘शिवजी कैलाशु रंदन’, ‘बांद अमरावती’, ‘बिंदुली’, ‘चल मेरी सरूली’ और ‘मेरी बिजोरा’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर छात्र-छात्राओं ने जमकर नृत्य किया। लोक संगीत की धुनों पर युवाओं का उत्साह देखते ही बना।
डीजे सोनल की बीट्स पर देर रात तक थिरके युवा
कार्यक्रम में डीजे सोनल ने अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव का रंग और गहरा कर दिया। पारंपरिक गरबा-डांडिया गीतों और आधुनिक डीजे बीट्स पर विद्यार्थी तथा फैकल्टी सदस्य देर रात तक झूमते रहे। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने आयोजन की रौनक बढ़ाई।
दूधिया रोशनी से जगमगाता विश्वविद्यालय का हैलीपैड मैदान भी आकर्षण का केंद्र रहा। प्राकृतिक हरियाली, पेड़ों की सुंदरता और आकर्षक लाइटिंग ने कार्यक्रम स्थल को उत्सवमय बना दिया।
रील मेकिंग प्रतियोगिता में ईशा नेगी प्रथम
आयोजन के दौरान रील मेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की ईशा नेगी ने प्रथम, स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज के मास कम्युनिकेशन के छात्र कुणाल ने द्वितीय और बीसीए के आयुष चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने आयोजन टीम को शारदीय नवरात्रि और कार्यक्रम के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में नवरंग डांडिया की चेयरपर्सन डॉ. मालविका कांडपाल, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. प्रिया पांडे, डॉ. गणराजन, विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक-कर्मचारी और हजारों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
Tags: #SGRRUniversity #NavrangDandiya2026 #PritamBharatwan #UttarakhandCulture #Dehradun





