
देहरादून। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए यूजेवीएन लिमिटेड (यूजेवीएनएल) प्रबंधन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज करने का निर्णय लिया है। प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में हुई समीक्षा बैठक में साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित करने, लंबित डिजाइन व ड्रॉइंग का शीघ्र अनुमोदन कराने और महत्वपूर्ण कार्यों की दिवसवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यूजेवीएनएल, परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) और निर्माण एजेंसी लार्सन एंड टूब्रो (एलएंडटी) के अधिकारियों ने परियोजना की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों और निर्माण में आ रही बाधाओं पर चर्चा की।
प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि लखवाड़ परियोजना कई राज्यों के लिए महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने की दिशा में इसकी अहम भूमिका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में बांध निर्माण, रिवर डायवर्जन, कॉफर डैम, एक्सेस टनल, प्रेशर शाफ्ट, पावर इंटेक तथा हाइड्रोमैकेनिकल और इलेक्ट्रोमैकेनिकल कार्यों की समीक्षा की गई। एलएंडटी को लंबित डिजाइन एवं ड्रॉइंग के अनुमोदन में तेजी लाने और तकनीकी अड़चनों के समाधान के लिए डिजाइन इंजीनियरों व विशेषज्ञों को परियोजना स्थल पर तैनात करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। नियंत्रित ब्लास्टिंग, मलबे का उचित निस्तारण, धूल नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण से पहले आवश्यक तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का परियोजना स्थल पर ही समाधान करने को कहा गया।
इसके अलावा भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए देहरादून जनपद में मुआवजा वितरण की निगरानी और पात्र प्रभावितों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया।
अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को संशोधित समय-सारिणी के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय पर परियोजना की कमीशनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक सप्ताह लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की समीक्षा कर कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सिविल सुजीत कुमार सिंह, महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक संजय जोशी सहित यूजेवीएनएल, टीसीई और एलएंडटी के अधिकारी उपस्थित रहे।
#UJVNL #LakhwarProject #UttarakhandNews #Hydropower #DehradunNews




