सीएम धामी बोले—उत्तराखण्ड को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनाना सरकार की प्राथमिकता
देहरादून। देवभूमि उत्तराखण्ड की हसीन वादियां अब बड़े फिल्म निर्माताओं को भी आकर्षित कर रही हैं। मसूरी और लैंढौर से लेकर नैनीताल तक इन दिनों फिल्म शूटिंग गतिविधियां राज्य को नई पहचान दिला रही हैं। अभिनेता अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की मौजूदगी से प्रदेश में फिल्म पर्यटन को बढ़ावा मिलने और स्थानीय कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड का प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियां इसे फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त बनाती हैं। राज्य सरकार प्रदेश को प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत फिल्म निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने, अनुमति प्रक्रिया सरल बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग से पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलने के साथ स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल कारोबारियों और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। सरकार का प्रयास है कि फिल्म पर्यटन का लाभ प्रदेश की अर्थव्यवस्था और स्थानीय लोगों तक पहुंचे।
फिल्म नीति 2024 से निर्माताओं को सुविधा देने पर जोर
राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखण्ड फिल्म नीति 2024 के तहत अनुकूल माहौल तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है। सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम के माध्यम से शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाने की व्यवस्था की गई है। निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत सात दिनों में शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने का प्रावधान फिल्म यूनिटों के लिए उपयोगी है।
सरकार की पहल का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं को राज्य में शूटिंग के लिए आकर्षित करने के साथ स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को भी अवसर उपलब्ध कराना है।
पर्यटन और स्थानीय कारोबार को मिलेगा फायदा
मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर फिल्मों की शूटिंग से इन क्षेत्रों की खूबसूरती देशभर के दर्शकों तक पहुंच सकती है। इससे भविष्य में पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ने और होटल, परिवहन, खान-पान तथा स्थानीय सेवा क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को लाभ मिलने की संभावनाएं हैं।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद भी प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों को फिल्म निर्माण के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग राज्य को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं को मजबूत कर रही है।
Tags: #Uttarakhand #FilmTourism #PushkarSinghDhami #Mussoorie #Nainital





