
मसूरी और लंढौर में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता, फिल्म नीति-2024 के तहत सुविधाएं देने पर जोर
देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, उत्तराखंड की फिल्म नीति और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण फिल्म निर्माताओं की पसंद बन रहा है। प्रदेश में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य की पहचान एक प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म शूटिंग की गतिविधियों को बढ़ाने के साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है। फिल्म निर्माण से पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
#Uttarakhand #AkshayKumar #PushkarSinghDhami #FilmTourism #Dehradun





