यूजेवीएनएल की CSR पहल से सीमांत क्षेत्र के युवाओं को मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के बनबसा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में ₹1.50 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले आधुनिक बैडमिंटन हॉल का शिलान्यास किया। यूजेवीएन लिमिटेड की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) पहल के तहत ₹150.20 लाख की लागत से इस हॉल का निर्माण किया जाएगा।
इस सुविधा के विकसित होने से बनबसा और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। साथ ही, स्थानीय युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के नए अवसर प्राप्त होंगे।
यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कहा कि निगम विद्युत उत्पादन के साथ सामाजिक विकास और जनकल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध है। सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। बनबसा में बनने वाला बैडमिंटन हॉल स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि बनबसा के निकट लोहियाहेड क्षेत्र में स्थित यूजेवीएनएल की 41.4 मेगावाट क्षमता वाली खटीमा जल विद्युत परियोजना राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान दे रही है। निगम का प्रयास है कि स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन के साथ स्थानीय समुदायों के विकास और युवाओं के भविष्य को भी प्राथमिकता दी जाए।
शिलान्यास समारोह में दर्जा राज्य मंत्री सुभाष भगोली, दर्जा राज्य मंत्री किरण देवी, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित यूजेवीएनएल के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।
#UJVNL #PushkarSinghDhami #Champawat #SportsDevelopment #Uttarakhand #CSR




