देहरादून। अंतरराष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड में मानसिक स्वास्थ्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रेमलता और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकोमेट्रिक काउंसलिंग के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मनोवैज्ञानिक डॉ. मुकुल शर्मा ने किया।
कार्यशाला में डॉ. मुकुल शर्मा ने छात्राओं को मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए संतुलन बनाए रखने और एकाग्रता बढ़ाने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं, अन्वेषिका एजुकेशन ट्रस्ट के सीईओ आशीष कुमार ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देते हुए व्यावहारिक सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर मनोविज्ञान प्रवक्ता विजय लक्ष्मी यादव और श्रीमती विनीता शाह ने भी मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें तनाव से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।





