कुंभ-2027 की तैयारियों की साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश, लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
देहरादून। मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, आपदा प्रबंधन और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने और जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सीवर और पेयजल पाइपलाइन से संबंधित अधूरे कार्य एक नवंबर तक पूरे किए जाएं और इसके बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने, राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के भी निर्देश दिए।
सड़कों की गुणवत्ता परखने स्वयं करेंगे निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और सड़कों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के लिए वह स्वयं सड़क मार्ग से प्रदेश का भ्रमण करेंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, गुणवत्ताविहीन कार्य या अनावश्यक देरी सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी।
कुंभ-2027 और आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा प्रभावितों को तत्काल राहत पहुंचाने, दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही विकास कार्यों की नियमित निगरानी और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, ताकि आम जनता को समय पर राहत और सुविधाएं मिल सकें।





