नीतीश कुमार ने कहा, ‘पहले हिंदू-मुस्लिम का भी झगड़ा होता था. जब हम लोग आ गए तो हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा भी खत्म हो गया इसलिए मुस्लिम समुदाय के लोगों से भी कहेंगे कि भूलिएगा मत. हम लोग जब तक हैं तब तक झगड़ा नहीं और गलती से फिर उन्हीं को वोट दे दिया तो फिर झगड़ा शुरू करवा देंगे।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को एक ही मंच पर नजर आए। पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के जमुई में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान नीतीश कुमार भी मंच पर मौजूद रहे। आरजेडी से गठबंधन तोड़ने और एनडीए में शामिल होने पर नीतीश कुमार ने कहा कि हम लोगों ने झूठ-मूठ का साथ कर लिया था लेकिन जब हमने देखा कि वहां गड़बड़ हो रही है तो हम अलग हो गए। उन्होंने पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब हम लोग हमेशा के लिए एक हो गए हैं। संबोधन में नीतीश ने कहा, ‘वो तो झूठ-मूठ का हम लोग बीच में एक बार साथ कर लिए थे लेकिन फिर हमने देखा कि गड़बड़ हो रही है तो छोड़ दिए। अब सब दिन के लिए हम लोग साथ हो गए हैं। अब कभी इधर-उधर नहीं होने वाले। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी 10 साल से हैं और कितना ज्यादा कर रहे हैं।



