देहरादून, 28 जुलाई। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। बैठक में मुख्य सचिव ने उपनल कर्मियों के अनुबंध, कर्मचारियों के प्रमोशन, वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) और सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) योजना के विस्तार पर विशेष जोर दिया।
मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग में कार्यरत उपनल कर्मियों के साथ अगले तीन दिनों के भीतर अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) की प्रक्रिया हर हाल में पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा में अनुबंध नहीं किए गए तो संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन और एसीआर की समीक्षा भी की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रमोशन से संबंधित शासनादेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून 2027 तक प्रमोशन के पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति प्रक्रिया अगले एक माह के भीतर शुरू की जाए। उन्होंने सभी विभागों को लंबित एसीआर और बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूरा कर निर्धारित समय सीमा में पूरी प्रक्रिया संपन्न करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कृषि विभाग में लागू सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) योजना की सराहना करते हुए इसे उद्यान विभाग सहित अन्य लाभार्थी केंद्रित योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए स्पष्ट टाइमलाइन तय करने, संभावनाओं का अध्ययन करने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के लिए कार्यशाला आयोजित करने को कहा, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अड्डांकी, डॉ. आर. राजेश कुमार, एस.एन. पाण्डेय, ज्योति यादव, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान तथा गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



