हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किसानों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों के साथ आम का स्वाद भी लिया और कहा कि ऐसे आयोजन किसानों एवं बागवानों की मेहनत को पहचान दिलाने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार एप्पल मिशन, कीवी मिशन और महक क्रांति जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के माध्यम से बागवानी और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज के जरिए प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों और बागवानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक संजय गुप्ता तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



