जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर राजस्व, फायर, पर्यटन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी व काठगोदाम क्षेत्र के होटल एवं गेस्ट हाउसों का अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान होटल कुटुम्ब, होटल इमपिरियो, होटल रेडियम और एन.ज़ेड. गेस्ट हाउस में फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, विद्युत सुरक्षा, जल उपलब्धता और पार्किंग व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
जांच में कई अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां और अभिलेखीय त्रुटियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ मौके पर चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही दो होटलों का पर्यटन विभाग में पंजीकरण नहीं पाया गया, जिस पर पर्यटन विभाग ने भी तत्काल कार्रवाई की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



