जनभागीदारी पर रहेगा जोर, खेल प्रतियोगिताओं से लेकर रक्तदान, वृक्षारोपण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस को पूरे प्रदेश में उत्साह, गरिमा और जनभागीदारी के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को यादगार बनाने के लिए सभी विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके तहत राज्य और जनपद स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, हाई एल्टीट्यूड एडवेंचर गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक एवं कार रैली का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के प्रमुख शहरों में पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बलों और एनसीसी बैंड द्वारा देशभक्ति की संगीतमय प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। जल संरक्षण, संवर्द्धन और वृक्षारोपण अभियान भी व्यापक स्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 अगस्त को सुबह 10 बजे देहरादून के परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सुबह 9 बजे सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे, जबकि अन्य जनपदों में सुबह 9:30 बजे जिलाधिकारी ध्वजारोहण करेंगे। देहरादून स्थित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण होगा।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त की शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा। वहीं सरकारी भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा। सभी शिक्षण संस्थानों में प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



