देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, विशेष पूजा-अर्चना और लंगर में उमड़ी हजारों संगत
देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर गुरु राम राय जी महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विशेष पूजा-अर्चना एवं अरदास संपन्न कर संगतों को पावन दर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने ब्रह्मलीन गुरु श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का स्मरण करते हुए कहा कि गुरु जीवन को सत्य, सेवा, करुणा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
अपने संदेश में श्रीमहंत जी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु पूजन का पर्व नहीं, बल्कि गुरु के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रेम, सद्भाव, सेवा और परोपकार के मूल्यों को जीवन में उतारकर समाज और राष्ट्र के कल्याण में योगदान देने का आह्वान किया।
पूरे श्री दरबार साहिब परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन, गुरु स्मरण और अरदास का आध्यात्मिक माहौल बना रहा। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित विशेष लंगर में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु कृपा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
टैग्स:
#GuruPurnima #DarbarSriGuruRamRaiJi #MahantDevendraDasJi #Dehradun #Uttarakhand #SpiritualNews #GuruMahima #Langar #HindiNews



