
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, युवक चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में स्कूटी सवार आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली।
मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आकाश शातिर बदमाश है और उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आकाश 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला से हुई चेन स्नैचिंग की घटना में भी आरोपी है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में लूटी गई चेन बरामद कर ली है।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्कूटी कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
Tags: #Dehradun #DehradunPolice #Encounter #BasantVihar #ChainSnatching #CrimeNews #UttarakhandNews #PoliceEncounter #BreakingNews



