42 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, सटीक आंकड़ों और समयबद्ध जनगणना पर दिया गया जोर
देहरादून। जनगणना 2027 के सफल और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर तैयारियां तेज़ी से आगे बढ़ रही हैं। इसी क्रम में जिला जनगणना कार्यालय, देहरादून द्वारा नगर निगम परिसर में जनगणना संबंधी एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्यों में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को प्रक्रियाओं, जनगणना हस्तपुस्तिका तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देना था।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना कार्यालय के प्रभारी प्रशिक्षक प्रदीप यादव और शकुलदीप चौहान ने प्रतिभागियों को जनगणना के तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं, अभिलेखों के संधारण, डेटा प्रबंधन और आगामी चरणों की तैयारियों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में कुल 42 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। चार्ज अधिकारी एवं टाउन अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम देहरादून ने भी प्रशिक्षण में भाग लेते हुए जनगणना कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव साझा किए।
नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, जो प्रधान जनगणना अधिकारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार प्रारंभिक चरण में मकानों की गणना का कार्य पूरा कर संबंधित आंकड़ों की पोर्टल पर प्रविष्टि भी की जा चुकी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना 2027 की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
टैग्स:
#Census2027 #Dehradun #NagarNigam #AlokKumarPandey #PopulationCensus #Uttarakhand #TrainingProgram #DistrictAdministration



