देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से उत्तराखंड में रेल सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री के प्रस्ताव पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने देहरादून–कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस को मुंबई तक विस्तारित करने सहित राज्य से जुड़े विभिन्न रेल प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि उत्तराखंड सरकार की ओर से भेजे गए सभी प्रस्तावों का गंभीरता से परीक्षण किया जा रहा है। विस्तृत समीक्षा के बाद उपयुक्त निर्णय लेकर राज्य की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का प्रमुख पर्यटन और तीर्थाटन राज्य है, जहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। साथ ही बड़ी संख्या में प्रदेशवासी मुंबई और पश्चिम भारत के अन्य शहरों में रहते हैं। ऐसे में देहरादून से मुंबई तक सीधी रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और राज्यवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि राज्य सरकार के प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक निर्णय होगा, जिससे उत्तराखंड की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होने के साथ पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।



