देहरादून। क्लेमेंट टाउन थाना क्षेत्र की नई बस्ती में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की बरसाती नाले में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे से बाहर निकाल लिया था। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चियों की पहचान लक्ष्मी कुमारी (7 वर्ष) और सोनाक्षी कुमारी (3 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अपनी मां रीना कुमारी के साथ नई बस्ती में किराये पर रहती थीं। परिवार मूल रूप से बिहार के खगड़िया जिले का निवासी है और दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करता है।
मृतक बच्चियों की मां ने पुलिस को बताया कि दोनों बच्चियां दोपहर करीब 1 बजे घर के बाहर बरसाती नाले में नहाने गई थीं। इसी दौरान नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया और दोनों बहकर नाले के ऊपर बने रैंप के नीचे फंस गईं। काफी देर तक बच्चियां नजर नहीं आने पर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान बड़ी बेटी के पैर रैंप के नीचे दिखाई दिए, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि बच्चियों के पिता किसी काम से बिहार गए हुए हैं, जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ में भी सामने आया कि दोनों बच्चियां तेज बहाव में बहकर रैंप के नीचे फंस गई थीं। प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से हुई दुर्घटनात्मक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
#Dehradun #ClementTown #Accident #Rain #Uttarakhand #BreakingNews #Police #ChildDeath



