गीता धामी के निर्देशन में ग्राम बंडिया में वृक्षारोपण एवं पौधे वितरण
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला महोत्सव पखवाड़े के अवसर पर खटीमा के ग्राम पंचायत भवन बंडिया में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी के निर्देशन में वृक्षारोपण एवं निःशुल्क पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए गीता धामी ने कहा, “पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमें अपने आस-पास अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।”
ग्राम प्रधान सोमनाथ मौर्य ने सेवा संकल्प फाउंडेशन और गीता धामी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए।
सेवा संकल्प फाउंडेशन हरेला पर्व के दौरान लगातार गांवों में पौधारोपण कार्यक्रम चला रहा है। गीता धामी के निर्देशन में फाउंडेशन शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से आए डॉ. अजय प्रभाकर ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन प्रदेश भर में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनाते हुए पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जन-जागरूकता बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। हरेला पखवाड़े पर चलाया गया यह अभियान प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का सशक्त संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामवासियों ने ग्राम पंचायत परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। सैकड़ों लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए। सभी उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे पौधे लगाने के साथ-साथ उनके पूर्ण विकसित होने तक नियमित देखभाल भी करेंगे।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सतीश राणा, उप प्रधान अमित चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह रिंकू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और स्थानीय जनता उपस्थित रही।



