कॉमेडियन Pranit More के शो में वायरल हुए ‘₹370 बिरयानी’ विवाद को लेकर हिमांशु जांगड़ा ने पहली बार सार्वजनिक रूप से सफाई दी है। उन्होंने कहा कि शो में सुनाई गई उनकी कहानी पूरी तरह सच नहीं थी और मनोरंजन के लिए उसमें कुछ बातें बढ़ा-चढ़ाकर पेश की गई थीं। साथ ही उन्होंने अपने शब्दों के लिए खेद जताते हुए कहा कि उनका महिलाओं का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। हिमांशु ने बताया कि सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ने के बाद उनकी निजी और पेशेवर जिंदगी पर गंभीर असर पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उन्हें अपनी नौकरी गंवानी पड़ी और परिवार को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, Pranit More भी इस मामले में माफी मांग चुके हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि शो के दौरान उन्हें आपत्तिजनक टिप्पणियों को रोकना चाहिए था, लेकिन वह माहौल और दर्शकों की प्रतिक्रिया में बह गए। मामले ने कानूनी रूप भी ले लिया है। महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने FIR दर्ज की है, जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने Pranit More और हिमांशु जांगड़ा को सुनवाई के लिए तलब किया है।



