देहरादून। राज्य संपत्ति विभाग ने सरकारी परिसंपत्तियों के विकास और सुविधाओं के विस्तार को लेकर तीन अहम योजनाओं की समीक्षा की। सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को गुणवत्ता, लागत नियंत्रण और समयबद्धता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
राजपुर रोड स्थित टिहरी हाउस परिसर में श्रेणी-5 के 28 बहुमंजिला आवास प्रस्तावित हैं। योजना की अनुशंसित लागत 43.91 करोड़ रुपये है। सचिव ने निर्माण लागत को न्यूनतम रखने के साथ उत्कृष्ट गुणवत्ता की सामग्री इस्तेमाल करने और मानकों से किसी तरह का समझौता न करने के निर्देश दिए। संशोधित डीपीआर जल्द शासन को प्रस्तुत करने को कहा गया।
वहीं नवी मुंबई के वाशी स्थित राज्य अतिथि गृह की व्यवस्थाओं और वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
हल्द्वानी सर्किट हाउस के गेस्ट हाउस एवं गोदाम के विस्तारीकरण के तहत प्रथम तल पर अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की योजना पर भी चर्चा हुई। सचिव ने मौके का संयुक्त निरीक्षण कर वास्तविक जरूरत के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य संपत्ति विभाग की सभी निर्माण योजनाओं में गुणवत्ता, लागत नियंत्रण और समयबद्ध क्रियान्वयन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #StateProperty #TehriHouse #Dehradun #Haldwani #Vashi #Development #UttarakhandGovernment



