
दूसरे बीच एशियन गेम्स में भारतीय टीम में प्रशान्त देशवाल का चयन।
दिनांक 22 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक चीन के सान्या में आयोजित किए जा रहे दूसरे बीच एशियन गेम्स में भारत की पुरुष व महिला कबड्डी टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
उत्तराखंड के प्रशान्त देशवाल ने अपने बेहतरीन कौशल और प्रदर्शन के दम पर छह सदस्यीय भारतीय कबड्डी टीम में जगह बनाते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। उत्तराखण्ड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि विगत कुछ वर्षों में उत्तराखंड ने कबड्डी के विभिन्न प्रारूपों में अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट ख्याति अर्जित की है।
इसी क्रम में जानकारी देते हुए महेश जोशी ने आगे बताया कि सर्किल स्टाईल कबड्डी में भी उत्तराखण्ड के छह महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन को देखते हुए मलेशिया में आयोजित होने वाली एशियन सर्किल कबड्डी चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने हेतु भारत की सर्किल कबड्डी टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर हेतु किया गया है। इनमें महिला वर्ग में दीप कौर एवं पूजा देवी का जबकि पुरुष वर्ग में अमृतपाल सिंह, हरनद सिंह, पंकज एवं अरविंदर सिंह का चयन राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण हेतु हुआ है। महेश जोशी ने बताया कि
20वें एशियाई खेलों की तैयारियों हेतु प्रशिक्षण शिविर शिविर में उत्तराखंड की महिला कबड्डी खिलाड़ी भूमिका का चयन पूर्व में ही किया जा चुका है। महेश जोशी ने कहा कि छोटे से राज्य के इतने खिलाड़ियों का अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु भारतीय टीम में चयन दर्शाता है कि उत्तराखंड में आज कबड्डी का स्वर्णिम समय है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों की मेहनत, कौशल और समर्पण को देते हुए कहा कि उत्तराखंड कबड्डी संघ इस मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन देता रहेगा।
उत्तराखण्ड कबड्डी संघ के सचिव चेतन जोशी ने बताया कि इससे पूर्व बहरीन में आयोजित यूथ एशियन गेम्स हेतु उत्तराखंड से बालक वर्ग में राहुल बोरा एवं बालिका वर्ग में भूमिका ने भारतीय कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व किया था तथा दोनों ही खिलाड़ी स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में बीच कबड्डी की बड़ी संभावनाएं हैं तथा वर्ष 2025 में दमन दीव में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय बीच खेलों में उत्तराखण्ड की पुरुष टीम ने बीच कबड्डी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता था।
38वें राष्ट्रीय खेलों व हाल ही में आंध्रप्रदेश के मछलीपट्टनम में आयोजित बीच कबड्डी प्रतियोगिता में राज्य की टीम ने कांस्य पदक जीता था।
उत्तराखण्ड कबड्डी की इन उपलब्धियों पर हर्ष प्रकट करते हुए भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व महासचिव राजीव मेहता, उत्तराखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष महेश जोशी सचिव चेतन जोशी के साथ ही मनोज नेगी, विमल डबराल, ऋषिपाल सिंह, नीतिन राठी, नरेंद्र रौथाण, मेजर सिंह, लीलानंद राणा, किशन डोभाल, दिनेश कैंतुरा, गौरव उपाध्याय, आशीष कुमार आदि आदि ने बधाई देते हुए आशा प्रकट की कि उत्तराखंड कबड्डी के क्षेत्र में और आगे बढ़ते हुए नए आयाम स्थापित करेगा।



