रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास पर खर्च होंगे 2.74 करोड़ रुपये, डीएम आशीष चौहान ने अधिकारियों को दिए कार्ययोजना आगे बढ़ाने के निर्देश
देहरादून। सहस्रधारा स्थित आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। वहीं, राजपुर क्षेत्र में रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार, कैनाल, रिवरफ्रंट और इको पार्क के विकास पर 2.74 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को संबंधित विभागों और विशेषज्ञों के साथ बैठक हुई। इसमें आईटी पार्क क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के विकास की कार्ययोजना का तकनीकी प्रस्तुतीकरण किया गया।
डीएम ने रिस्पना रिवरफ्रंट और इको पार्क परियोजना के लिए जिला योजना एवं जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) फंड से धनराशि स्वीकृत कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने और परियोजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी न करने को कहा।
वहीं, आईटी पार्क क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए तैयार 38 करोड़ रुपये की कार्ययोजना शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जलभराव का समाधान केवल अस्थायी उपायों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों और वर्षा जल के प्रवाह का वैज्ञानिक आकलन जरूरी है।
बैठक में सिंचाई विभाग के माध्यम से चयनित एनआईवीवी कंसल्टेंसी सर्विसेज के विशेषज्ञों ने तकनीकी सर्वेक्षण के आधार पर ड्रेनेज सिस्टम और रिस्पना नदी के जीर्णोद्धार से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए। विशेषज्ञों को क्षेत्र में जलभराव के कारणों का अध्ययन कर व्यावहारिक समाधान तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, सिंचाई विभाग के अधिकारी ईआर पुरुषोत्तम, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Tags: #DehradunNews #ITParkDehradun #RispanaRiver #DrainageSystem #AshishChauhan #UttarakhandNews




