भारतीय क्रिकेट में योगदान और शानदार उपलब्धियों की सीएम ने की सराहना, युवा खिलाड़ियों के लिए बताया प्रेरणास्रोत
देहरादून, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरभजन सिंह ने अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी, खेल के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से विश्व क्रिकेट में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उनका खेल जीवन उपलब्धियों से भरा रहा है और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरभजन सिंह का संघर्ष, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी उपलब्धियां देश के उभरते खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई।




