देहरादून, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 353.93 लाख रुपये (करीब 3.54 करोड़ रुपये) की धनराशि स्वीकृत की है। स्वीकृत धनराशि से पौड़ी, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, पिथौरागढ़ और चम्पावत में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरियों में सिंचाई प्रणाली स्थापित करने के लिए 78.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसमें पौड़ी जनपद की एक नर्सरी के लिए 14.53 लाख रुपये और देहरादून जनपद की नौ नर्सरियों के लिए 63.97 लाख रुपये शामिल हैं। इससे नर्सरियों में पौधों के बेहतर रखरखाव और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
देहरादून में जनमिलन केंद्र, घंटाघर और सड़क निर्माण को मंजूरी
देहरादून जनपद के सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जौनसार-बावर, सुद्धोवाला में जनमिलन केंद्र/भवन निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की अवशेष धनराशि स्वीकृत की गई है।
वहीं, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के अठूरवाला टिहरी विस्थापित क्षेत्र में घंटाघर निर्माण के लिए 96.79 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत प्रथम किश्त के रूप में 58.07 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।
इसके अतिरिक्त ग्राम माजरी ग्रांट में वैश्वनी मंदिर पुल के पास लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर सहित आसपास के घरों तक लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में 81.97 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
खटीमा में शिव मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण
ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिव मंदिर, अंजनिया के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा एवं चारदीवारी निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस कार्य से मंदिर परिसर की सुरक्षा और सुविधाओं में सुधार होगा।
पिथौरागढ़ में सड़क निर्माण के लिए 92.32 लाख रुपये मंजूर
पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भूमिया मंदिर गैंठन से कालसिन मंदिर होते हुए खूनी गांव तक सड़क निर्माण के प्रथम चरण के लिए 92.32 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में 55.39 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
इस सड़क के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
चम्पावत में भगवती मेला स्थल का होगा विकास
चम्पावत जनपद के चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचनई में भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन किया गया है। इससे मेले के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्वीकृत इन विकास कार्यों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, धार्मिक स्थलों के विकास और ग्रामीण संपर्क मार्गों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है।




