
गौसेवा आस्था और संस्कृति का अभिन्न अंग होने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का माध्यम भी : मुख्यमंत्री
प्रदेश में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों का संचालन, 63 स्थानों पर नई गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित
हरिद्वार, 12 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने गौसंरक्षण, गौसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल केवल निराश्रित गोवंश को संरक्षण देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। हमारी परंपरा में गौ माता को सर्वदेवमयी माना गया है और गांवों में आज भी उन्हें परिवार के सदस्य के रूप में सम्मान देकर उनकी सेवा की जाती है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका से जोड़कर इसके व्यापक सकारात्मक परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
11 गोवंश से शुरू हुआ अभियान, आज पांच राज्यों में 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा
मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ यह अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है।
संस्था की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें बड़ी संख्या में नंदी भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने संस्था की सेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गौशालाओं में पशुओं के उपचार, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी की जा रही है।
इसके अतिरिक्त संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध करा रही है। जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता से किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश में निराश्रित गोवंश की सुरक्षा और देखभाल के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वर्तमान में प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके साथ ही गांवों में गौसेवा और संरक्षण की व्यवस्था मजबूत करने के लिए ग्राम्य गोसेवक योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। शहरी विकास एवं पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण के लिए भूमि भी चिह्नित की गई है। इन स्थानों पर गौशालाओं के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि निराश्रित गोवंश की देखभाल केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि गांवों के स्तर पर भी इसके लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित हो।
बद्री गाय के घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा, चमोली में तीन ग्रोथ सेंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्राकृतिक खेती, जैविक खाद और बायोगैस से जुड़ेगा गौसंरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण चुनौती है। कृषि कार्यों में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता में बदलाव आया है। ऐसे में गौसंरक्षण के लिए दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान विकसित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि केवल गौशालाओं का निर्माण करना पर्याप्त नहीं है। गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से भी जोड़ना होगा। इससे एक ओर गोवंश का संरक्षण सुनिश्चित होगा, वहीं दूसरी ओर किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जनसहभागिता आवश्यक है। राज्य सरकार गौसंरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कर रही है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
2027 कुंभ की तैयारियां तेज, आधुनिक तकनीक से होगा भीड़ प्रबंधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं हरिद्वार की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेंगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क एवं यातायात व्यवस्था, नए पुलों, संपर्क मार्गों और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कुंभ मेले के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जा रही है। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत, स्वच्छता, सुव्यवस्था और अतिथि सत्कार का सुखद अनुभव लेकर लौटें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का एक अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कई जनप्रतिनिधि और संत-महात्मा रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक एवं प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल एवं प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Tags: #PushkarSinghDhami #KamdhenuLok #HaridwarNews #CowProtection #UttarakhandNews #GauSeva #Kumbh2027 #UttarakhandGovernment




