पीआईबी देहरादून की पहल पर 12 से 14 नवंबर तक आयोजित होगा एक्सपोजर टूर, राष्ट्रीय एकता, आधुनिक तकनीक और विकास परियोजनाओं से रूबरू होंगे प्रतिभागी
डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश की विकास गाथा और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को जन-जन तक पहुंचाएंगे क्रिएटर्स
देहरादून, 12 नवंबर। भारत की एकता, विविधता और विकास यात्रा को डिजिटल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तराखंड के 10 डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स का दल गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) देहरादून की ओर से इस एक्सपोजर टूर का आयोजन किया गया है। यह दौरा 12 से 14 नवंबर 2026 तक चलेगा।
यह पहल भारत पर्व 2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से उत्तराखंड के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों, देश की सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और विभिन्न विकास परियोजनाओं को करीब से देखने एवं समझने का अवसर मिलेगा।
इस अध्ययन यात्रा के दौरान प्रतिभागी देश की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं, अनुभवों और जानकारियों को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाएंगे। इसके जरिए उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में सक्रिय कंटेंट क्रिएटर्स को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।
डिजिटल मीडिया बना संचार का महत्वपूर्ण माध्यम: साक्षी सिंह
पीआईबी देहरादून की संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया इकोसिस्टम औपचारिक संचार व्यवस्था के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में उभरा है। डिजिटल फर्स्ट की अवधारणा के तहत भारत सरकार की प्राथमिकताओं में प्रदेश के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को राष्ट्रीय महत्व के आयोजनों, भारत की एकता एवं विविधता और देश की विकास यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं से परिचित कराना शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के एक्सपोजर टूर से उत्तराखंड के कंटेंट क्रिएटर्स को देश में हो रही तकनीकी प्रगति और आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिलता है। इससे वे अपने अनुभवों को अधिक प्रामाणिक और प्रभावी तरीके से डिजिटल माध्यमों पर प्रस्तुत कर सकेंगे।
युवाओं तक अपनी भाषा में पहुंचेगी विकास की जानकारी
संयुक्त निदेशक साक्षी सिंह ने कहा कि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के साथ कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। वे जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय निर्णयों और विकास कार्यों से जुड़ी जानकारियों को युवा पीढ़ी और आम जनता तक उनकी अपनी भाषा में पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रिएटर्स अपनी नवाचारी सोच और दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए नीतिगत विषयों को सरल, सहज और आकर्षक रूप में प्रस्तुत करते हैं। इससे आम लोगों तक महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने और जन-जागरूकता बढ़ाने में मदद मिलती है।
राष्ट्रीय पटल पर उत्तराखंड के क्रिएटर्स को मिलेगा अवसर
गौरतलब है कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय एवं दूरस्थ राज्य के डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को एकता नगर (केवड़िया) में आयोजित भारत पर्व 2026 जैसे राष्ट्रीय महत्व के आयोजन से जोड़ना एक महत्वपूर्ण पहल है।
इस अध्ययन यात्रा के माध्यम से प्रतिभागियों को ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना, देश की विकास परियोजनाओं और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
ग्राउंड जीरो से प्राप्त जानकारी और अनुभवों के आधार पर तैयार की गई सामग्री से डिजिटल कंटेंट की प्रामाणिकता बढ़ेगी। साथ ही सही और तथ्यपरक जानकारी के प्रसार से भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने में भी मदद मिलेगी।
इस पहल के जरिए पीआईबी देहरादून का प्रयास डिजिटल क्रिएटर्स को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही उन्हें जिम्मेदार और तथ्यपरक डिजिटल पत्रकारिता एवं कंटेंट निर्माण के लिए प्रोत्साहित करना है।
Tags: #BharatParv2026 #PIBDehradun #UttarakhandCreators #EkBharatShreshthaBharat #DigitalIndia #NationalUnity #GujaratNews #UttarakhandNews




