प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने महापौरों और नगरवासियों को दी बधाई, सामूहिक प्रयासों को बताया सफलता का आधार
रुद्रपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ऊधमसिंह नगर जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। रुद्रपुर नगर निगम ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, काशीपुर नगर निगम को उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव मिला है।
इस उपलब्धि पर जिले के प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुद्रपुर और काशीपुर के महापौरों सहित समस्त नगरवासियों को बधाई दी। उन्होंने रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा और काशीपुर के महापौर दीपक बाली को विशेष रूप से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दोनों शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रुद्रपुर का हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल करना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। वहीं, काशीपुर का प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनना भी सराहनीय उपलब्धि है। यह सफलता महापौरों, नगर निगम अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों शहर भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
प्रभारी मंत्री ने दोनों नगर निगमों की टीम और जनपदवासियों को इस उपलब्धि के लिए पुनः बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।




