आज यूजेवीएनएल के उज्ज्वल मुख्यालय में कर्मचारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “साउंड हीलिंग सेशन” का आयोजन किया गया। यह विशेष सत्र योगधाम फिटनेस मंत्रा, हरिद्वार द्वारा संचालित तथा अनुभवी प्रशिक्षक वीरेन सिंह फर्त्याल एवं सहयोगी महिला प्रशिक्षकों सुश्री शताक्षी शाह तथा सुश्री रूपप्रीत कौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक भाग-दौड़ भरी जीवनशैली में बढ़ते तनाव को देखते हुए इस प्रकार के स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि यूजेवीएनएल अपने कर्मचारियों के समग्र विकास एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस प्रकार की पहलें निरंतर जारी रखी जाएंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह सत्र सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
सत्र के दौरान ध्वनि तरंगों के माध्यम से ध्यान, विश्राम एवं मानसिक संतुलन स्थापित करने की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को शंख, साउंड बाउल, मेडिटेटिव म्यूजिक एवं वाइब्रेशन आधारित हीलिंग पद्धतियों से परिचित कराया गया, जिनका उद्देश्य तनाव को कम करना, एकाग्रता बढ़ाना एवं आंतरिक ऊर्जा को संतुलित करना है। प्रशिक्षक वीरेन सिंह फर्त्याल ने बताया कि साउंड हीलिंग न केवल मानसिक शांति प्रदान करती है, बल्कि यह शरीर की ऊर्जा प्रणाली को भी सक्रिय कर सकारात्मकता बढ़ाने में सहायक होती है। इस दौरान श्वसन (सांस लेने छोड़ने) क्रिया का अभ्यास भी कराया गया।
इस अवसर पर यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह, कार्यकारी निदेशक आशीष जैन, महाप्रबंधक भारत भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सत्र को अत्यंत प्रभावी, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।


