उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, देहरादून के माननीय अध्यक्ष श्री संजय नेगी की अध्यक्षता में आज दिनांक 27-04-2026 को आयोग कार्यालय में प्राप्त विभिन्न शिकायतों पर सुनवाई की गई।
सुनवाई के दौरान कुल 6 शिकायत प्रकरणों पर विचार किया गया, जिनमें शिकायतकर्ता श्री सतबीर सिंह (बाजपुर, उधमसिंह नगर), श्रीमती संतोष देवी (बिजनौर, उत्तर प्रदेश), श्री चेतन (उधमसिंह नगर), श्री कुलदीप सिंह (चमोली) एवं श्री ईशम सिंह (मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश) शामिल रहे।
आयोग द्वारा सभी मामलों में पहले शिकायतकर्ताओं का पक्ष सुना गया। श्री सतबीर सिंह के धोखाधड़ी से संबंधित प्रकरण में पुलिस विभाग की ओर से प्रतिनिधि उपस्थित हुए, लेकिन आयोग अध्यक्ष उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। इस पर अध्यक्ष ने क्षेत्राधिकारी बाजपुर से दूरभाष पर वार्ता कर 15 दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
श्रीमती संतोष देवी के बकाया देयकों से जुड़े मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अब तक दिए गए भुगतान की पूरी जानकारी तालिका के रूप में आयोग को उपलब्ध कराई जाए।
श्री मनवीर सिंह एवं श्री ईशम सिंह के मृतक आश्रित नियुक्ति से संबंधित मामले में मुख्य शिक्षा अधिकारी की अनुपस्थिति पर अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विभाग को तुरंत आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए और कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों में कोई ठोस प्रगति न होना गंभीर चिंता का विषय है।
श्री कुलदीप सिंह के जाति प्रमाण पत्र संबंधी मामले में तहसीलदार नारायणबगड़ को निर्देश दिए गए कि नियमों के अनुसार तत्काल प्रमाण पत्र जारी कर आयोग को सूचित करें।
वहीं श्री चेतन के मारपीट से संबंधित प्रकरण में पुलिस विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो चुका है, जिसके बाद आयोग ने मामले के निस्तारण के निर्देश दिए।
सुनवाई के दौरान आयोग के उपाध्यक्ष श्री श्याम डोभाल, सचिव श्री गोरधन सिंह सहित अन्य सदस्यगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



