प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र के डोबरा-चांठी पुल पर आयोजित कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा को भारतीय जनता पार्टी आर्थिक प्रकोष्ठ के सह संयोजक सी.ए. राजेश्वर पैन्यूली ने महज एक ढकोसला करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतापनगर की जनता परिवर्तन के मूड में है और कांग्रेस को इसका राजनीतिक परिणाम भुगतना पड़ेगा।
सी.ए. पैन्यूली ने कहा कि कांग्रेस में आपसी मतभेद और गुटबाजी चरम पर है, ऐसे में पार्टी को पहले अपने संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि डोबरा-चांठी पुल के निर्माण में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गंभीर अनियमितताएँ हुईं और परियोजना में देरी भी हुई।
उन्होंने कहा कि डोबरा-चांठी पुल का निर्माण भारतीय जनता पार्टी सरकार की देन है, जिसके कारण आज यह पुल पूरी तरह से बनकर यातायात के लिए खुला है। इसके साथ ही क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।
पैन्यूली ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा क्षेत्र में रिंग रोड परियोजना, झील क्षेत्र में वर्ल्ड स्पोर्ट्स गतिविधियों का आयोजन तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा क्षेत्र में दूसरा केंद्रीय विद्यालय भी भाजपा सरकार की उपलब्धि है।



