
देहरादून। प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कुआँवाला स्थित होटल ली ओवल में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यशाला में प्रतिभाग किया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं SIR अभियान के प्रभारी तरुण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्रिमंडल के सदस्य तथा विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यशाला में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने पर चर्चा की गई। रेखा आर्या ने कहा कि SIR अभियान लोकतंत्र को और अधिक पारदर्शी, सशक्त एवं विश्वसनीय बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जाएगा, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे।
रेखा आर्या ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर अपने तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।


